अछल्दा, औरैया। विक्रमशिला एक्सप्रेस में भीड़ के चलते एक यात्री चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। गनीमत रही कि डीएफसीसी लाइन पर गुजर रही मालगाड़ी के गार्ड ने उसे सहारा दिया और ब्रेकवान में बैठाकर मैथा स्टेशन पर उतार दिया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को ट्रेन संख्या 12368 विक्रमशिला एक्सप्रेस से गिरकर राजीव पटेल (30) निवासी वैशाली, बिहार घायल हो गया। यात्री ने बताया कि वह पीछे से चौथे जनरल कोच में गेट के पास बैठा था। अछल्दा स्टेशन निकलने के बाद ट्रेन धीमी गति से चल रही थी, तभी अत्यधिक भीड़ के कारण वह नीचे गिर गया।
डीएफसीसी लाइन पर मालगाड़ी के गार्ड रजनीश कुमार ने यात्री को ब्रेकवान में बैठाकर मैथा स्टेशन के पास उतार दिया। यात्री के पास आनंद विहार टर्मिनल से कानपुर सेंट्रल तक का जनरल क्लास का टिकट मिला। उसने हल्की चोट लगने की बात कही और उपचार कराने से इनकार कर दिया। उसका काले रंग का बैग विक्रमशिला एक्सप्रेस में ही छूट गया। सूचना पर आरपीएफ के देवेंद्र गुर्जर और जितेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे, तब तक यात्री कानपुर के लिए रवाना हो चुका था।



