किसान पथ पर फॉर्मेलिन भरा टैंकर पलटा, पांच किमी तक फैला असरआंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी, पुलिस ने रास्ता बंद कर वाहनों को लौटाया
लखनऊ:लखनऊ के बख्शी का तालाब (बीकेटी) क्षेत्र में किसान पथ पर सोमवार शाम फॉर्मेलिन (रासायनिक तरल) से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद आसपास के इलाके में रसायन का असर फैलने से लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी होने लगी। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल के आसपास बैरिकेडिंग कर वाहनों की आवाजाही रोक दी। करीब पांच किलोमीटर तक रसायन की गंध महसूस किए जाने की सूचना सामने आई।जानकारी के अनुसार, टैंकर सोमवार शाम करीब 7:30 बजे मानपुर-बामा अंडरपास के पास पलट गया। सूचना मिलते ही बीकेटी पुलिस मौके पर पहुंची। हालात की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ, फायर ब्रिगेड और मेडिकल टीम को बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास का रास्ता बंद कर वाहनों को वापस लौटाना शुरू कर दिया, ताकि लोग रसायन के संपर्क में आने से बच सकें।टैंकर हरदोई के संडीला से गुड़ंबा स्थित एक प्लाईवुड फैक्ट्री जा रहा था। पुलिस के अनुसार, संबंधित फैक्ट्री के कर्मचारियों को मौके पर बुलाकर टैंकर से रिसे रसायन को निष्प्रभावी करने की प्रक्रिया शुरू कराई गई। बचाव कार्य के दौरान एसडीआरएफ और पुलिस के जवानों ने ऑक्सीजन मास्क लगाकर मोर्चा संभाला। मेडिकल टीम को भी मौके पर तैनात किया गया, ताकि किसी व्यक्ति को परेशानी होने पर तत्काल उपचार मिल सके।फॉर्मेलिन के संपर्क में आने या उसकी तेज गंध से आंख, नाक, गले और त्वचा में जलन तथा सांस लेने में दिक्कत हो सकती है। पुलिस ने लोगों से घटनास्थल से दूर रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की।
तीन घंटे तक चला बचाव कार्य
टैंकर पलटने की सूचना के बाद एसडीआरएफ, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बचाव दल के जवानों ने सुरक्षा उपकरणों और ऑक्सीजन मास्क की मदद से स्थिति संभाली। रसायन के प्रभाव को कम करने के लिए संबंधित फैक्ट्री के कर्मचारियों को भी बुलाया गया। एहतियातन घटनास्थल के आसपास बैरिकेडिंग कर दी गई और वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। मेडिकल टीम को भी मौके पर तैनात किया गया, जिससे प्रभावित लोगों को जरूरत पड़ने पर तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी
टैंकर से रिसे फॉर्मेलिन की गंध आसपास के क्षेत्र में फैलने से लोगों को आंखों, नाक और गले में जलन के साथ सांस लेने में परेशानी होने की आशंका जताई गई। पुलिस के अनुसार, रसायन का असर आसपास के लोगों को महसूस हो सकता है, लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है। लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की सलाह दी गई। किसी को जलन या सांस लेने में परेशानी महसूस होने पर सुरक्षित स्थान पर जाने और चिकित्सकीय सहायता लेने की अपील की गई।







