अछल्दा। अछल्दा रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह दर्दनाक हादसे में मामा-भांजे की जान चली गई। इटावा-फफूंद मेमू ट्रेन संख्या 64170 से उतरने के बाद दोनों रेलवे लाइन के किनारे से जा रहे थे। इसी दौरान डाउन लाइन पर आ रही दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 19623 की चपेट में आने से दोनों की मौत हो गई।मृतकों की पहचान राजू यादव पुत्र जयवीर सिंह निवासी नगला रामलाल, रायपुर, फफूंद, हाल मुकाम लक्ष्मी नगर अछल्दा और उसके मामा किशन पुत्र दीपचंद निवासी रेजुआ, एटा के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार, दोनों सूरत में काम करते थे। राजू की तबीयत खराब होने पर किशन उसे घर छोड़ने आ रहे थे।हादसे के बाद अमृत भारत एक्सप्रेस को करीब सात मिनट तक आउटर सिग्नल पर रोकना पड़ा। टक्कर इतनी भीषण थी कि रेलवे की लूप लाइन पर लगा लोहे का पैनल बॉक्स क्षतिग्रस्त होकर दूर जा गिरा। सूचना पर आरपीएफ सिपाही सतेंद्र मौके पर पहुंचे और शवों को ट्रैक से हटवाया। स्टेशन अधीक्षक से मेमो मिलने के बाद जीआरपी फफूंद की टीम घटनास्थल पर पहुंची और पंचनामा भरकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रेलवे की एसएनटी टीम ने क्षतिग्रस्त पैनल बॉक्स की मरम्मत शुरू की।राजू की पत्नी नेहा यादव और मां मीना देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। राजू की पहली पत्नी की मौत के बाद उसने नेहा से दूसरी शादी की थी। उसका चार साल का एक बेटा है। दोनों की मौत से परिवारों में मातम पसरा हुआ है।




