अछल्दा। गपकापुर गांव स्थित हनुमान मंदिर में चल रही श्रीराम कथा के तीसरे दिन आचार्य अंकुर महाराज ने भगवान श्रीराम के जन्म की कथा सुनाई। कथा सुनकर श्रद्धालु भावुक हो गए और पूरा पंडाल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। कथावाचक ने कहा कि भगवान राम के जन्म के समय अयोध्या नगरी में खुशी का माहौल था। चारों ओर मंगल गीत गाए जा रहे थे। भगवान श्रीराम ने धरती पर अवतार लेकर धर्म की स्थापना और अधर्म का नाश किया। उन्होंने बचपन से ही राक्षसों के अंत की शुरुआत कर दी थी। आचार्य ने कहा कि श्रीराम का जीवन चरित्र आज भी समाज को माता-पिता, भाइयों और परिवार के प्रति प्रेम व सम्मान की सीख देता है। कथा के दौरान रामभक्ति के भजन प्रस्तुत किए गए, जिन पर श्रद्धालु झूम उठे।





