नेपाल के रहने वाले थे दोनों युवक, गुजरात के वापी में मेले में दुकान लगाकर लौट रहे थे घर
औरैया अछल्दा। थाना क्षेत्र के वीरपुर गांव के पास गुरुवार सुबह रेलवे ट्रैक पर दो युवकों के शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। दोनों के शव अप और डाउन रेलवे लाइन पर अलग-अलग स्थानों पर खंभा नंबर 1112/5 और 1112/10 के पास पड़े मिले। प्रारंभिक जांच में दोनों की मौत ट्रेन से गिरने के कारण संदिग्ध परिस्थितियों में होना सामने आया है।दिल्ली की ओर जा रही ट्रेन संख्या 20403 लालगढ़ सुपरफास्ट एक्सप्रेस के लोकपायलट ने सुबह 3:41 बजे स्टेशन अधीक्षक को ट्रैक पर शव पड़े होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस के एसआई मुकेश कुमार और एएसआई मनोज कुमार मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही थाना प्रभारी जीतमल चौधरी और उपनिरीक्षक जयप्रकाश ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को मौके से सवाई माधोपुर से कानपुर सेंट्रल तक का एक यात्री टिकट और दो क्षतिग्रस्त मोबाइल फोन मिले।शुरुआत में दोनों की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने क्षतिग्रस्त मोबाइल से सिम निकालकर दूसरे फोन में लगाई तो परिजनों से संपर्क हुआ। इसके बाद मृतकों की पहचान नेपाल के मकवानपुर जिले के हेटौड़ा पदमपोखरी निवासी विवेक विश्वकर्मा (29) और लक्ष्मण तोड़ (31) के रूप में हुई। परिजनों के मुताबिक दोनों गुजरात के वापी में मेले में दुकान लगाते थे और वहां से नेपाल स्थित अपने घर लौट रहे थे। घटना की जानकारी मिलने पर स्वजन अछल्दा के लिए रवाना हो गए।पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सुरक्षा के प्रति यात्रियों को किया जागरूक रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित सिंह ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाता है। ट्रेन के दरवाजे और पैरदान पर बैठकर यात्रा करना खतरनाक है। यात्रियों को जल्दबाजी और लापरवाही से बचते हुए सुरक्षित यात्रा करनी चाहिए।





