ट्रक से टक्कर के बाद सड़क किनारे पलटी कार, चालक गंभीर; पत्नी, बेटी और बच्चा सुरक्षित
अछल्दा, औरैया। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर मंगलवार को आशा गांव के सामने आगे चल रहे ट्रक से टकराने के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि कार में सवार उसकी पत्नी, बेटी और एक वर्षीय बच्चा सुरक्षित बच गए। सूचना पर पहुंची यूपीडा की टीम ने कार में फंसे परिवार के सदस्यों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल औरैया पहुंचाया।जानकारी के अनुसार, जालौन जिले के सिकरीराज गांव निवासी रमेश कुमार अपनी पत्नी मुन्नी देवी, बेटी अर्पणा और एक वर्षीय बच्चे के साथ कार से आगरा जा रहे थे। परिवार बेटी को बैंक की परीक्षा दिलाने के लिए निकला था। अछल्दा थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 265.6 पर उनकी कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर लगते ही कार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सड़क किनारे पलट गई। दुर्घटना में कार के चारों पहिये ऊपर हो गए, जिससे उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर यूपीडा के एसओ कल्लू सिंह, देवेंद्र सिंह और राधेश्याम सिंह टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। टीम ने तत्परता दिखाते हुए कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में रमेश कुमार को गंभीर चोटें आईं, जबकि उनकी पत्नी, बेटी और एक वर्षीय बच्चा सुरक्षित रहे।इसके बाद सभी को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल औरैया भेजा गया। दुर्घटनाग्रस्त कार को क्रेन की सहायता से सड़क से हटवाया गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। परिवार के अन्य सदस्यों के सुरक्षित बचने से राहत रही, जबकि घायल चालक का अस्पताल में उपचार कराया गया।




